ई-रिक्शा में छुपाकर ले जाई जा रही 57 लीटर विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार - ANG EXPRESS NEWS

ई-रिक्शा में छुपाकर ले जाई जा रही 57 लीटर विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

पंजवारा | अंग एक्सप्रेस न्यूज़।

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में पंजवारा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार दोपहर पंजवारा स्थित उत्पाद विभाग चेक पोस्ट पर पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ई-रिक्शा को रोककर तलाशी ली गई। जांच के क्रम में ई-रिक्शा के सीट बॉक्स के नीचे छुपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की कुल 57.39 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान

रोहित कुमार (20 वर्ष), पिता – प्रसाद साह, निवासी – करहरिया, थाना बांका

इंद्रजीत कुमार (32 वर्ष), पिता – स्व. शिवन साह, निवासी – पुरानी बस स्टैंड, बांका

राजेश कुमार भगत (40 वर्ष), पिता – लक्ष्मी भगत, निवासी – अमरपुर, थाना अमरपुर

के रूप में की गई है।

पुलिस ने मौके से शराब से लदा ई-रिक्शा भी जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार तस्करों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में बांका भेजा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *