भागलपुर में 9 फरवरी से शुरू होगा स्पेशल नियमित टीकाकरण अभियान, 1088 गर्भवती महिलाओं व 6234 बच्चों को किया जाएगा आच्छादित। - ANG EXPRESS NEWS

भागलपुर में 9 फरवरी से शुरू होगा स्पेशल नियमित टीकाकरण अभियान, 1088 गर्भवती महिलाओं व 6234 बच्चों को किया जाएगा आच्छादित

अरुण भारती की रिपोर्ट 

भागलपुर/ अंग एक्सप्रेस न्यूज़।

भागलपुर जिले में नियमित टीकाकरण को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से स्पेशल नियमित टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान 9 फरवरी से 14 फरवरी तक जिले के सभी प्रखंडों में संचालित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसे तीन चरणों में आयोजित करने की योजना बनाई गई है, ताकि कोई भी पात्र गर्भवती महिला और बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।

अभियान का प्रथम चरण 9 फरवरी से 14 फरवरी, द्वितीय चरण 9 मार्च से 14 मार्च तथा तृतीय चरण 7 अप्रैल से 13 अप्रैल तक चलेगा। पूरे जिले में इस अभियान के तहत कुल 639 टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. धनंजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इन 639 सत्रों के माध्यम से जिले में 1088 गर्भवती महिलाओं एवं 6234 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना है, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को और अधिक मजबूत किया जा सके।

डॉ. कुमार ने यह भी बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है। इस स्पेशल नियमित टीकाकरण अभियान में UNICEF, WHO, UNDP, PCI तथा JSI सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अपने नजदीकी टीकाकरण सत्र स्थल पर पहुंचकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। यह अभियान न केवल बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करेगा, बल्कि जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

(अंग एक्सप्रेस न्यूज़ | भागलपुर )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *