सबका सम्मान–जीवन आसान’ के तहत जिलाधिकारी ने की जनसुनवाई। - ANG EXPRESS NEWS

सबका सम्मान–जीवन आसान’ के तहत जिलाधिकारी ने की जनसुनवाई


अरुण भारती की रिपोर्ट।


पेंशन व भूमि विवाद से जुड़े करीब 60 मामलों पर हुई सुनवाई

भागलपुर | अंग एक्सप्रेस न्यूज़।

7 निश्चय–3 से बढ़ेगा अपना बिहार अभियान के अंतर्गत सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living) कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कार्यालय कक्ष में आमजनों के आवेदनों पर सुनवाई की। इस दौरान लगभग 60 आवेदनों पर विचार किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से लंबित पेंशन और जमीन विवाद से संबंधित मामले शामिल थे।

जनसुनवाई के दौरान एक दिव्यांग आवेदक व्हीलचेयर पर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचा और अपनी समस्या रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए और यह सुनिश्चित करने को कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

कार्यक्रम के तहत उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) सहित सभी जिला स्तरीय, प्रखंड स्तरीय, अंचल एवं थाना स्तर के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में आम नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई की। प्रत्येक विभाग ने अपने विषय से जुड़े मामलों को दर्ज कर समाधान की दिशा में कार्रवाई शुरू की।

इस अवसर पर आमजनों की शिकायतों का पंजीकरण किया गया तथा उन्हें प्राप्ति रसीद प्रदान की गई। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की उचित व्यवस्था के साथ शुद्ध पेयजल और शौचालय की सुविधा सभी संबंधित कार्यालयों के समीप उपलब्ध कराई गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि सबका सम्मान–जीवन आसान कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच भरोसा मजबूत करना है, ताकि समस्याओं का समाधान सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *