कहलगाँव की शिक्षा, किसान, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर विधानसभा में पहल। - ANG EXPRESS NEWS

*कहलगाँव की शिक्षा, किसान, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर विधानसभा में पहल*

भागलपुर अंगएक्सप्रेस। विधायक शुभानंद मुकेश ने ध्यानाकर्षण, शून्यकाल और बजट भाषण के जरिए सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कहलगाँव विधानसभा क्षेत्र के विधायक शुभानंद मुकेश ने शुक्रवार सदन में क्षेत्र की बहुआयामी जनसमस्याओं को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, याचिका, निवेदन एवं शून्यकाल के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया। साथ ही उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट पर सरकार के पक्ष में सशक्त और दूरदर्शी भाषण दिया।

*गंगा–पहाड़–पर्यटन विकास पर विशेष ध्यानाकर्षण*

विधायक श्री मुकेश ने नियम–104 के तहत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखते हुए कहा कि कहलगाँव विधानसभा क्षेत्र में गंगा नदी के मध्य स्थित तीन पहाड़ियाँ प्राकृतिक, धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यहाँ बंगाली बाबा एवं शांति बाबा जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्थित हैं, जहाँ प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु आते हैं, लेकिन समुचित आवागमन एवं पर्यटन सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र की पर्यटन क्षमता का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि जैसे गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर निर्मित रोप-वे तथा ऋषिकेश/हरिद्वार के लक्ष्मण झूला की जैसी पर्यटन संरचनाएँ विकसित की गई हैं, उसी तर्ज पर कहलगांव क्षेत्र में भी रोप-वे एवं लक्ष्मण झूला का निर्माण कराया जाए। इससे न केवल बिहार को एक नया पर्यटन केंद्र मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार, क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति और पर्यावरण–अनुकूल विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

*शिक्षा और बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा*

याचिका के माध्यम से विधायक ने सन्हौला प्रखंड की भिरौंधा पंचायत में प्राथमिक विद्यालय, भिरौंधा तक पक्की सड़क के अभाव का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि कच्चे रास्ते के कारण बच्चों को कीचड़, खेतों और बरसाती पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने शीघ्र पथ निर्माण का आग्रह किया।

*विद्यालय परिसर में पेयजल संकट*

निवेदन के तहत सन्हौला प्रखंड के मध्य विद्यालय सनोखर हाट के परिसर में जर्जर एवं अनुपयोगी डीप बोरिंग का मुद्दा उठाते हुए विधायक ने इसे सरकारी संसाधनों की तकनीकी लापरवाही का उदाहरण बताया और नई डीप बोरिंग तथा वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था की मांग की।

*किसानों की समस्या शून्यकाल में उठी*

शून्यकाल के दौरान श्री मुकेश ने धान खरीद से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए कहा कि FRK की अनुपलब्धता और CMR जमा नहीं होने से पैक्सों और किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने FRK की शीघ्र आपूर्ति, पैक्सों को राहत और धान खरीद अवधि बढ़ाने की मांग की।

*बजट 2026–27 पर सरकार के पक्ष में सशक्त समर्थन*

बजट पर बोलते हुए विधायक शुभानंद मुकेश ने कहा कि ₹3.47 लाख करोड़ से अधिक का बजट 14 करोड़ बिहारवासियों की आकांक्षाओं का दस्तावेज़ है।

उन्होंने कहा कि यह बजट बिहार को पिछड़ेपन से निकालकर विकसित राज्य की ओर ले जाएगा

शिक्षा, कृषि, सिंचाई, सड़क, बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति देगा, किसानों के सम्मान, युवाओं के रोजगार और महिलाओं के सशक्तिकरण को मजबूती देगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बजट नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठकर न्याय के साथ विकास की स्पष्ट दिशा तय करता है।

*विकास के प्रति प्रतिबद्धता*

विधायक शुभानंद मुकेश ने कहा कि वे सदन के भीतर और बाहर, कहलगाँव की जनता की आवाज़ मजबूती से उठाते रहेंगे और शिक्षा, पर्यटन, किसान एवं आधारभूत ढांचे से जुड़े हर विषय पर सरकार से ठोस कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *