17 सूत्रीय मांगों को लेकर बाराहाट अंचल के राजस्व कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर किया कार्य। - ANG EXPRESS NEWS
oplus_131072

17 सूत्रीय मांगों को लेकर बाराहाट अंचल के राजस्व कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर किया कार्य।

बाराहाट (बांका)/अंग एक्सप्रेस न्यूज।बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ एवं संयुक्त संघर्ष मोर्चा, पटना के आह्वान पर बाराहाट अंचल कार्यालय के सभी राजस्व कर्मचारी मंगलवार से अपनी 17 सूत्रीय मांगों के समर्थन में काला बिल्ला लगाकर कार्य कर रहे हैं।

इस संबंध में बिहार राजस्व कर्मचारी संघ के राज्य उपाध्यक्ष हरिनंदन कुमार सिंह ने बताया कि लंबे समय से राजस्व कर्मचारियों की मांगें लंबित हैं, लेकिन विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। साथ ही विभाग की ओर से लगातार नए-नए असंवैधानिक आदेश जारी किए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में विभाग द्वारा बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ एवं संयुक्त संघर्ष मोर्चा के साथ किए गए समझौते को लागू करना, राजस्व कर्मचारियों का ग्रेड पे 1900 (लेवल-2) के स्थान पर 2800 (लेवल-5) करना, सभी नव-नियुक्त राजस्व कर्मचारियों को गृह जिले में पदस्थापित करना शामिल है।
इसके अलावा कार्य निष्पादन हेतु आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने, प्रत्येक माह समय पर मोबाइल रिचार्ज सुविधा देने, क्षेत्र भ्रमण के लिए ईंधन सहित मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने तथा कार्य अवधि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सुनिश्चित करने जैसी मांगें भी शामिल हैं।
राज्य उपाध्यक्ष ने कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो प्रदेश संघ के निर्णयानुसार आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
मौके पर बाराहाट अंचल के सभी राजस्व कर्मचारी एवं अमीन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed