माघी पूर्णिमा पर मंदार क्षेत्र में उमड़ा आस्था का सैलाब, सीता–राम दरबार झांकी के साथ निकली परिक्रमा यात्रा
पंजवारा | अंग एक्सप्रेस न्यूज़
माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर पंजवारा प्रखंड के जसमतपुर गांव से निकली भव्य सीता–राम दरबार झांकी के साथ मंदार परिक्रमा यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। श्रद्धा, भक्ति और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली।

परिक्रमा यात्रा की शुरुआत जसमतपुर गांव स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर से हुई। यात्रा पंजवारा के मुख्य बाजार से होते हुए ऐतिहासिक मंदार पर्वत तक पहुँची, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मार्ग भर रामधुन और भक्ति गीतों पर नाचते-गाते पुरुष, महिलाएं एवं युवा श्रद्धालु यात्रा की शोभा बढ़ाते नजर आए।
ट्रैक्टर पर सुसज्जित सीता–राम दरबार की झांकी यात्रा का मुख्य आकर्षण रही, जिसे देखने के लिए सड़क किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में जसमतपुर एवं भारतीकित्ता गांव के ग्रामीणों की अहम भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, सामूहिक सहभागिता और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जिसने सामाजिक एकता का संदेश भी दिया। माघी पूर्णिमा के अवसर पर निकली यह मंदार परिक्रमा यात्रा क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और भक्ति की एक अविस्मरणीय स्मृति बन गई।
