पंजवारा में शराब तस्करी का भंडाफोड़, ऑटो से 64 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
डेस्क न्यूज|AngExpress News / Panjwara
पंजवारा थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार को उत्पाद विभाग चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक ऑटो से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेक पोस्ट पर नियमित गश्ती और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को एक ऑटो पर संदेह हुआ, जिसे रोककर तलाशी ली गई। जांच के क्रम में ऑटो चालक की सीट के नीचे बने गुप्त बॉक्स से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब एवं बीयर की बड़ी खेप बरामद की गई।
बरामद शराब में कुल 142 बोतलें शामिल हैं, जिनकी कुल मात्रा लगभग 64 लीटर बताई जा रही है। मौके से ऑटो चालक कन्हाई तांती को गिरफ्तार किया गया है, जो मोहनपुर गांव का निवासी है और सजौर थाना क्षेत्र, भागलपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में बांका भेजा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
