मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बड़ा फैसला: महिला रोजगार योजना में अब 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता - ANG EXPRESS NEWS

Ang Express News | मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बड़ा फैसला: महिला रोजगार योजना में अब 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता

डेस्क रिपोर्ट | अंग एक्सप्रेस न्यूज

पटना | अंग एक्सप्रेस न्यूज। राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत चयनित लाभुक महिलाओं को अब 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह राशि चरणबद्ध तरीके से प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि प्रत्येक परिवार की एक महिला उद्यमी के रूप में स्थापित हो सके। योजना के प्रथम चरण में प्रत्येक परिवार की एक महिला को 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई थी। अब तक 1 करोड़ 56 लाख लाभुकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से यह राशि अंतरित की जा चुकी है।

ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के शेष आवेदकों को भी नियमानुसार शीघ्र ही डीबीटी के जरिए उनके खातों में राशि भेजी जाएगी। इसके साथ ही योजना के अंतर्गत जिन महिलाओं ने रोजगार शुरू कर दिया है, उनके कार्य का 6 माह बाद आकलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। यदि किसी लाभुक का रोजगार बेहतर ढंग से चल रहा होगा तो आवश्यकतानुसार एकमुश्त राशि भी प्रदान की जा सकती है।

सरकार ने संबंधित विभाग को निर्देश दिया है कि योजना के अंतर्गत महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की मार्केटिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही इन लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों से जोड़ा जाएगा, जैसे पोशाक निर्माण, सुधा बिक्री केंद्र, दीदी की रसोई आदि।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से महिलाओं की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी। उन्हें राज्य के भीतर ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और रोजगार की तलाश में बाहर जाने की मजबूरी भी कम होगी।


© अंग एक्सप्रेस न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed