देवघर में बड़ा रेल हादसा टला, ट्रेन ने ट्रक को मारी टक्कर, दो बाइक भी चपेट में।
देवघर,झारखंड/अंग एक्सप्रेस न्यूज।
झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह रेलवे फाटक पर एक बार फिर बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। नई दिल्ली–हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर जसीडीह मेन लाइन से गुजर रही एक तेज रफ्तार ट्रेन ने रोहिणी स्थित नावाडीह रेलवे फाटक के पास सड़क पार कर रहे एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए, वहीं टक्कर के दौरान ट्रक के पीछे चल रही दो बाइक भी इसकी चपेट में आ गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फाटक पर पर्याप्त सतर्कता नहीं बरती जा रही थी। जैसे ही ट्रक रेलवे ट्रैक पार करने लगा, उसी दौरान ट्रेन तेज रफ्तार से वहां पहुंच गई और चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल रेलवे डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जसीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। रेलवे प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और क्षतिग्रस्त ट्रक तथा अन्य वाहनों को ट्रैक से हटाने का काम शुरू किया।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए अप और डाउन लाइन पर रेल परिचालन प्रभावित रहा। कई ट्रेनों को एहतियातन रोका गया या धीमी गति से निकाला गया। रेलवे प्रशासन द्वारा लाइन क्लियर कराने के बाद धीरे-धीरे परिचालन सामान्य किया गया।
गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। यदि ट्रेन की गति थोड़ी और तेज होती या फाटक पर ज्यादा लोग मौजूद होते, तो यह हादसा एक बड़ी त्रासदी में बदल सकता था।
रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि फाटक पर सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई और ट्रक चालक ने किस परिस्थिति में ट्रैक पार करने की कोशिश की।
