बांका टाउन हॉल में मंदार महोत्सव के लिए भव्य ऑडिशन, 7 प्रखंडों से 1107 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर।

ब्यूरो रिपोर्ट बांका।

 

बांका। शिक्षा विभाग के सौजन्य से आयोजित होने वाले मंदार महोत्सव के सांस्कृतिक मंच के लिए प्रतिभागियों के चयन को लेकर आज बांका टाउन हॉल में स्वर परीक्षण सह ऑडिशन का भव्य आयोजन किया गया। जिलेभर से आए स्कूली छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ इस ऑडिशन में भाग लेकर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा), बांका राज कुमार राजू एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समन्वयक कुन्दन कुमार बिहारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की रचनात्मक क्षमता को निखारने और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।

ऑडिशन को लेकर जिले के विभिन्न प्रखंडों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बांका, अमरपुर, शंभूगंज, फुल्लीडुमर, चांदन, कटोरिया एवं बेलहर प्रखंड से आए कुल 1107 प्रतिभागियों ने इस चयन प्रक्रिया में भाग लिया। वहीं, 171 सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गायन, समूह गीत, नृत्य, लोक नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतिभागियों की इतनी बड़ी संख्या ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया और मंदार महोत्सव को लेकर विद्यार्थियों के बढ़ते उत्साह को भी दर्शाया। चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए गठित निर्णायक मंडल में संगीत शिक्षक सुशील कुमार, संजीव कुमार, नृत्य शिक्षक रमेश कुमार एवं गुड्डू कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई।

आयोजन स्थल पर प्रतिभागी विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं और अभिभावकों की भी बड़ी उपस्थिति रही। निर्णायक मंडल द्वारा चयनित श्रेष्ठ प्रतिभागियों को आगामी मंदार महोत्सव के मुख्य सांस्कृतिक मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *