मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अनुष्का कुमारी की शिष्टाचार भेंट, मिला सम्मान और सरकारी सहयोग का भरोसा
रांची। झारखंड की प्रतिभावान अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुष्का कुमारी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया वर्ष आपके जीवन और खेल करियर के लिए नई ऊंचाइयों को छूने वाला साबित हो। आप अपनी खेल प्रतिभा से न केवल देश, बल्कि झारखंड का नाम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अनुष्का को सम्मानित करते हुए स्पोर्ट्स किट भी प्रदान की। वहीं, अनुष्का ने अब तक के अपने संघर्ष, अनुभव और उपलब्धियों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।
खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हर कदम पर साथ
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के खिलाड़ी निश्चिंत होकर अपने खेल पर ध्यान दें। सरकार उनकी हर आवश्यकता और सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार उन्हें निखारने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और मंच उपलब्ध करा रही है, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
अनुष्का के गांव में बनेगा खेल मैदान, परिजनों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत अनुष्का के गांव रुक्का में खेल मैदान विकसित करने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया। साथ ही, उन्होंने उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया कि अनुष्का के परिजनों को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आर्थिक तंगी किसी खिलाड़ी की प्रतिभा के आड़े नहीं आने दी जाएगी।
संघर्षों के बीच चमकी ‘गोल मशीन’ अनुष्का
गरीबी और सीमित संसाधनों के बीच संघर्ष करते हुए अनुष्का कुमारी ने फुटबॉल की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। आज वह ‘गोल मशीन’ के नाम से जानी जाती हैं। उनके पिता दिव्यांग हैं और माता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। बावजूद इसके, अनुष्का ने अपने जुनून और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया है।
कम उम्र में बड़ी उपलब्धियां, अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड का नाम रोशन
अनुष्का कुमारी को 26 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उन्होंने भूटान में आयोजित सैफ अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम को विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई और सात गोल दागकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता। इसके अलावा नेपाल में हुई अंडर-16 सैफ चैंपियनशिप में उपविजेता भारतीय टीम की भी वह सदस्य रहीं। आगामी मार्च में वह चीन में आयोजित एशियाई अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में एक बार फिर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
फिलहाल अनुष्का आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, हजारीबाग में प्रशिक्षण ले रही हैं और इसी वर्ष दसवीं की परीक्षा में शामिल होंगी।
