दुमका, अंग एक्स्प्रेस न्यूज । ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में दुमका जिले के सदर प्रखंड में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) से जुड़ी सखी मंडल की दीदियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 111 सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। इस पहल से महिलाओं की नियमित आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस अवसर पर सखी मंडल की दीदियों के लिए जिला स्तरीय 10 दिवसीय सिलाई मशीन असेंबल एवं संचालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को सिलाई मशीन के विभिन्न पार्ट्स की जानकारी, मशीन को जोड़ने की प्रक्रिया, संचालन की तकनीक तथा रख-रखाव से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे बिना किसी तकनीकी परेशानी के स्वयं काम शुरू कर सकें।

कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख मिनोदी सोरेन की उपस्थिति रही। वहीं अंचल अधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी अमर कुमार मंडल, जिला परियोजना प्रबंधक निशांत एक्का सहित जेएसएलपीएस के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अतिथियों ने कहा कि जेएसएलपीएस के माध्यम से सखी मंडल की दीदियों को केवल समूहों तक सीमित नहीं रखा जा रहा, बल्कि उन्हें कौशल, संसाधन और बाजार से जोड़कर स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अतिथियों ने दीदियों से प्रशिक्षण में सीखे गए कौशल का उपयोग कर सिलाई कार्य को व्यवसाय के रूप में अपनाने तथा अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती से ही परिवार और समाज दोनों सशक्त होंगे।

कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सतत आजीविका विकास के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *