बांका में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज खुलासा, पिता-भाई गिरफ्तार।

बांका जिले से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने न सिर्फ जिले बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इज़्ज़त के नाम पर की गई एक दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग का खुलासा बांका पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर कर दिया है।

यह मामला बांका टाउन थाना क्षेत्र के चमरैली गांव का है, जहां 17 वर्षीय किशोरी की निर्मम हत्या के पीछे कोई और नहीं, बल्कि उसका अपना पिता और सगा भाई ही निकले। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पिता शशिभूषण झा और भाई ईशान झा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, परिवार को बेटी के व्यवहार और सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर आपत्ति थी। इसी के चलते पिता और पुत्र ने मिलकर पहले साजिश रची और फिर बेटी व बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद मामले को गुमशुदगी का रूप देने की भी कोशिश की गई।

लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सख्त पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के महज पांच घंटे के भीतर ही पुलिस ने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग हैरान हैं कि एक पिता और भाई अपनी ही बेटी और बहन के खून के दुश्मन कैसे बन गए।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह घटना समाज में आज भी मौजूद कुरीतियों और बेटियों की सुरक्षा पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *