ब्यूरो रिपोर्ट

भागलपुर,बिहार:
पीरपैंती थाना क्षेत्र के ओलापुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 6 बघुवा टोला में शनिवार की अहले सुबह करीब चार बजे भीषण अगलगी की घटना में तीन घर जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में राकेश कुमार मंडल, संजय तांती और श्रीनाथ तांती के घर शामिल हैं।

परिजनों के अनुसार सभी लोग घर में सो रहे थे, तभी अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची।

आग की इस घटना में घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं खूंटे से बंधी एक बकरी भी जलकर मर गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया गुलसागर रजक ने अंचलाधिकारी को सूचना दी और पीड़ित परिवारों को शीघ्र सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। मौके पर पूर्व मुखिया भरत मंडल, वार्ड सदस्य प्रवीण कुमार, आशा सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *