ब्यूरो रिपोर्ट
मुंगेर,बिहार:

मुंगेर जिले में पुलिस ने अवैध सिगरेट निर्माण और हथियारों के एक बड़े संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने लाखों रुपये की नकदी, भारी मात्रा में नकली सिगरेट निर्माण से जुड़ा सामान तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं। यह कार्रवाई नयागांव इलाके में की गई, जहां लंबे समय से चोरी-छिपे नकली सिगरेट का कारोबार चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि नयागांव निवासी मोहम्मद तौफीक और मोहम्मद अकबर के मकान एवं गोदाम में अवैध रूप से सिगरेट का निर्माण किया जा रहा है और वहां हथियार भी छिपाकर रखे गए हैं। सूचना की पुष्टि के बाद एसडीपीओ सदर अभिषेक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसमें डीआईयू और बासुदेवपुर थाना पुलिस के अधिकारी शामिल थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद तौफीक के घर और उससे जुड़े गोदाम की तलाशी ली। तलाशी में करीब 3800 खाली सिगरेट पैकेट, 900 पैकिंग पेपर, 17 रोल तथा सिगरेट निर्माण में प्रयुक्त अन्य कच्चा माल बरामद किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने घर से लगभग 85 लाख 50 हजार रुपये नकद भी जब्त किए, जिसे अवैध कारोबार से अर्जित बताया जा रहा है।

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब पुलिस ने मौके से चार देसी हथियार और 20 जिंदा कारतूस भी बरामद किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आईटीसी कंपनी के वेस्ट मटेरियल को अवैध रूप से खरीदकर उससे नकली सिगरेट तैयार करता था। इन सिगरेटों की आपूर्ति मुंगेर, भागलपुर सहित बिहार के कई जिलों और ओडिशा तक की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह का मामला है, जिसमें कई लोग शामिल हैं। फिलहाल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच जारी है। पुलिस ने जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है। इस कार्रवाई को मुंगेर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *