ब्यूरो रिपोर्ट

रजौन/बांका:

रजौन प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित ई-किसान भवन में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय किसान संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि करना तथा कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान एवं जय अनुसंधान के नारे को सार्थक बताते हुए कहा कि बदलते समय में पारंपरिक खेती के साथ-साथ वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाना आवश्यक हो गया है।

इस अवसर पर सहायक तकनीकी प्रबंधक रंजन कुमार ने किसानों को लैब टू लैंड (Lab to Land) कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR) एवं राज्य सरकार के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित नई तकनीकें और उन्नत बीज सरकारी तंत्र के माध्यम से सीधे किसानों के खेतों तक पहुँचाए जा रहे हैं, जिससे कम लागत में अधिक उत्पादन संभव हो सके।

संगोष्ठी में यह भी बताया गया कि किसान सलाहकार जमीनी स्तर पर अहम भूमिका निभा रहे हैं। वे किसानों को नवीन कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित कर रहे हैं।

कार्यक्रम में कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार सहित बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *