आरपी मिशन विद्यालय में वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से संपन्न, बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन।
अंग एक्सप्रेस न्यूज।
धोरैया ,बांका। पैर स्थित आरपी मिशन विद्यालय में मंगलवार को आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह उत्साह, उमंग और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अनुशासन और प्रतिभा देखने को मिली, जिसने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बांका के अनुमंडल पदाधिकारी राजकुमार, धोरैया के प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार, बीईओ आमोद कुमार एवं गौतम कुशवाहा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का स्वागत विद्यालय के फाउंडर संजय कुमार, निदेशक संदीप कुमार एवं चेयरमैन अमरदीप राज ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।

वार्षिकोत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसर में विज्ञान प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र–छात्राओं ने वायु प्रदूषण नियंत्रण, चंद्रयान मिशन, जल संरक्षण, जलविद्युत उत्पादन, बाइस्कोप मॉडल सहित अनेक उपयोगी और नवाचारी विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने बच्चों की वैज्ञानिक सोच, मेहनत और प्रस्तुति की सराहना की तथा उन्हें आगे भी नवाचार के लिए प्रेरित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, एकल एवं समूह नृत्य, तथा एकांकी नाटक के माध्यम से सामाजिक संदेश भी प्रस्तुत किए। बच्चों की सशक्त और मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि आरपी मिशन विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और रचनात्मकता को भी बढ़ावा दे रहा है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर कुमार सहित शिक्षक प्रेमानंद, सत्यनारायण, पुतुल, शशि, शिवम, दीपशिखा, नसीमा, प्रीति, सोनिया, पुनीता, सहदेव, दीपा, मधुलता, देवव्रत समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

