ब्यूरो रिपोर्ट
रजौन,बांका:
ग्रामीण महिलाओं के सशक्तीकरण और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने की दिशा में जीविका द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्रामीण विकास मंत्रालय की पहल पर नई चेतना अभियान 4.0 के तहत मंगलवार को रजौन प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित जीविका अधिकार केंद्र में प्रखंड स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य जीविका दीदियों को लैंगिक हिंसा के खिलाफ जागरूक करना और उन्हें इसके विरुद्ध संगठित होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में प्रदान टीम के सहयोग से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से समाज में महिला-पुरुष भेदभाव को समाप्त करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर रजौन बीडीओ अंतिमा कुमारी, प्रदान टीम की राज्य स्तरीय समन्वयक अनिता कुमारी, बांका जिला समन्वयक साकेत चटर्जी, रजौन प्रखंड समन्वयक हिटलर कुमार, जीविका बीपीएम मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए समाज में अपनी अलग पहचान बनाने और समानता के लिए आगे आने का आह्वान किया।
जीविका बीपीएम मुकेश कुमार ने बताया कि नई चेतना 4.0 अभियान ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) द्वारा नवंबर 2025 में शुरू किया गया एक माह का राष्ट्रीय अभियान है, जो दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के अंतर्गत संचालित है। यह अभियान 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2025 तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, गृह मंत्रालय, सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण, सूचना एवं प्रसारण सहित कुल 11 मंत्रालय शामिल हैं। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लैंगिक हिंसा की समाप्ति, महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा, आर्थिक स्वतंत्रता और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
अभियान के तहत जीविका दीदियां रैली, मेहंदी कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिता एवं अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समाज को हिंसा मुक्त बनाने का संदेश देंगी।
कार्यक्रम में बीईओ सह बीसीईओ सोयम चक्रपाणि कनिष्क, बीएसओ तारकेश्वर रजक, जीविका एसी लक्ष्मी कुमारी, सीसी शांता भारती, आरती कुमारी, नंदकिशोर कुमार, मिथुन कुमार सहित लक्ष्मीबाई सीएलएफ की अध्यक्ष राखी देवी, सचिव प्रियंका कुमारी, कोषाध्यक्ष सपना देवी तथा बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं।
