ब्यूरो रिपोर्ट
पटना,बिहार:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को 1283 नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों (आयुर्वेदिक, होमियोपैथिक एवं यूनानी) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से 10 चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

नवनियुक्त चिकित्सकों में 685 आयुर्वेदिक, 393 होमियोपैथिक तथा 205 यूनानी चिकित्सक शामिल हैं। इन नियुक्तियों का उद्देश्य राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाना है। चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए इच्छित जिलों, मेधा सूची एवं उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर राज्य के सभी 38 जिलों के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में इन चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है।
नियुक्त आयुष चिकित्सकों को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित चलंत चिकित्सा दलों, आयुष चिकित्सा सेवाओं के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में ओपीडी संचालन तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित अन्य कार्यक्रमों में कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
इन नियुक्तियों से विद्यालयों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर रोगों की पहचान और उपचार में सहायता मिलेगी। साथ ही सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा, जिससे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा बिहार चिकित्सा सेवा एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. नीलेश रामचन्द्र देवरे, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पाण्डेय तथा स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव हिमांशु शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
