ब्यूरो रिपोर्ट
चांदन,बांका:
चांदन प्रखंड के कोरिया पंचायत अंतर्गत लठाने गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां तालाब में डूबने से दो सगे भाई-बहन की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृत बच्चों की पहचान पीयूष कुमार (8 वर्ष) एवं उसकी बहन किरण कुमारी (10 वर्ष) के रूप में हुई है। पीयूष तृतीय वर्ग का छात्र था, जबकि किरण पांचवीं कक्षा में अध्ययनरत थी। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चे घर के बाहर खेलते-खेलते तालाब की ओर चले गए थे।
काफी देर तक बच्चों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उन्हें स्कूल भेजने के लिए तलाश करने लगे। इसी दौरान गांव में शोर-शराबा मच गया। तालाब के किनारे बच्चों की चप्पल देख ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। तत्पश्चात तालाब में खोजबीन की गई, जहां से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए।
ग्रामीणों द्वारा आनन-फानन में दोनों बच्चों को चांदन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बच्चों के पिता कृष्णा यादव कोलकाता में मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वह कोलकाता में ही रो-रोकर बेहोश हो गए। ग्रामीणों की सहायता से उन्हें गांव लाया जा रहा है।
वहीं बच्चों की मां रूबी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि चार बेटियों के बीच एकमात्र बेटा था, जिसे इस हादसे ने उनसे छीन लिया। बच्चों की दादी और मां की चीत्कार से गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है।
सूचना मिलने पर चांदन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बांका भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
