ब्यूरो रिपोर्ट
रजौन,बांका:
प्रखंड क्षेत्र के नवादा-खरौनी पंचायत अंतर्गत खरवा खेल मैदान परिसर में रविवार से आयोजित दो दिवसीय केजीएफ प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सोमवार को रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। फाइनल मैच जगदीशपुर के हाजीपुर और डुमरामा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें हाजीपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 47 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए हाजीपुर की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 73 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डुमरामा की टीम हाजीपुर के सशक्त गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 26 रन पर ऑल आउट हो गई।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विकास कुमार को मैन ऑफ द मैच तथा मोहम्मद नासिर को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता हाजीपुर और उपविजेता डुमरामा की टीम को नवादा-खरौनी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि दयाशंकर सिंह, छात्र जदयू जिलाध्यक्ष सीटू राजबब्बर सिंह सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
आयोजन को सफल बनाने में टूर्नामेंट के आयोजक राजा रमन्ना, शुभम सूर्यवंशी, सिकंदर कुमार, संतोष कुमार, सुमित कुमार, लव कुमार सहित अन्य युवाओं की अहम भूमिका रही।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला और खेल भावना को प्रोत्साहन मिला।
