ब्यूरो रिपोर्ट
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत महादेवपुर गांव के होनहार खिलाड़ी आशीष राय ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। आगामी 16 दिसंबर को राजस्थान के झुंझुनूं में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप में चयनित होकर आशीष ने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।

आशीष राय, जितेंद्र राय एवं प्रेमलता देवी के पुत्र हैं। वे दो भाइयों में बड़े हैं। उनकी माता गृहिणी हैं, जबकि पिता खेती-किसानी से परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने आशीष के सपनों को पंख देने में कोई कमी नहीं छोड़ी। ग्रामीणों के अनुसार, आशीष बचपन से पढ़ाई में मेधावी होने के साथ-साथ खेलों में भी खास रुचि रखते थे।
ग्रामीण विभूति सिंह ने बताया कि आशीष की वॉलीबॉल के प्रति रुचि शुरू से रही है। महादेवपुर में हर साल आयोजित होने वाली स्थानीय वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में वे नियमित रूप से भाग लेते रहे और अपने दमदार खेल से सभी का ध्यान खींचा। गांव के मैदान में लगातार अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम ने उन्हें एक बेहतर खिलाड़ी के रूप में निखारा।
आशीष की लगन का फल वर्ष 2023 में मिला, जब उनका चयन झारखंड के गिरिडीह जिले में मौंगिया कंपनी की वॉलीबॉल टीम में हुआ। वहां शानदार प्रदर्शन के बाद कुछ ही समय में वे पश्चिम बंगाल की टीम का हिस्सा बने। अब राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप में खेलने का अवसर उनके खेल करियर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मौके पर मौजूद मित्र आदर्श कुमार समेत अन्य साथियों ने बताया कि सभी दोस्त मिलकर महादेवपुर स्टेडियम में नियमित अभ्यास करते थे। उनके अनुसार, आशीष शुरू से ही अनुशासित, तेजतर्रार और मेहनती खिलाड़ी रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर मित्रों और ग्रामीणों ने उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि आशीष की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से भी कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है। अब पूरे गांव को उम्मीद है कि आशीष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम और ऊंचा करेंगे।
