ब्यूरो रिपोर्ट
बिहार,भागलपुर:
उप विकास आयुक्त (डीडीसी) भागलपुर प्रदीप कुमार सिंह ने रक्साडीह का दौरा कर प्रस्तावित अस्थायी बस स्टैंड में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने पाया कि बस स्टैंड की जमीन का समतलीकरण कार्य प्रगति पर है। यात्रियों के बैठने के लिए बेंच लगाए जा रहे हैं तथा पेयजल की सुविधा शनिवार, 13 दिसंबर तक पूरी कर लिए जाने की जानकारी दी गई।
उन्होंने यह भी देखा कि अस्थायी बस स्टैंड के लिए आवश्यक शौचालय, स्ट्रीट लाइट, प्रवेश और निकास मार्ग सहित अन्य सभी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस क्रम में उन्होंने सभी कार्यकारी विभागों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में और तेजी लाई जाए तथा गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
उल्लेखनीय है कि रक्साडीह में विकसित हो रहा यह अस्थायी बस स्टैंड शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सरल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके शुरू होने से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित ठहराव की सुविधा मिलेगी, वहीं शहर में लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
