ब्यूरो रिपोर्ट
बांका–बेलहर मार्ग पर केड़िया मोड़ के समीप दो दिन पूर्व हुए बाइक हादसे में मृत बरदिया गांव निवासी सच्चिदानंद मंडल के 18 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार का शव पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को गांव लाया गया। जैसे ही शव गांव पहुंचा, उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

शव के पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता सच्चिदानंद मंडल, माता सिंधु देवी और छोटे भाई छोटू कुमार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां सिंधु देवी अपने बेटे के शव से लिपटकर बेसुध होकर विलाप करने लगीं। उनकी चीत्कार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। बार-बार बेटे के बिछोह में वह बेहोश हो जाती थीं, जिन्हें पड़ोस की महिलाएं ढांढ़स बंधाती रहीं।
मृतक सौरभ दो भाइयों में बड़ा था और अभी पढ़ाई कर रहा था। वह माता-पिता का सहारा माना जाता था, लेकिन असमय हुई इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सौरभ के आकस्मिक निधन से गांव में शोक की लहर है। परिजन और ग्रामीण इस हादसे से स्तब्ध हैं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
