ब्यूरो रिपोर्ट

फुल्लीडुमर,बांका:

रविवार को प्रखंड क्षेत्र के सत्संग भवन, फुल्लीडुमर के पास बिजली पोल से कटकर गिरे हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से एक दुधारू मवेशी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और बिजली विभाग के प्रति आक्रोश का माहौल है।

पशुपालक धर्मेंद्र यादव और भुनेश्वर बाबा ने बताया कि ढोढरी गांव की ओर जाने वाली सड़क के किनारे सत्संग भवन के पास बीते दिन से ही तार पोल से कटकर खेत में गिरा हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना विद्युत आपूर्ति प्रशाखा, फुल्लीडुमर को दे दी थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़ितों के अनुसार, सूचना देने के बावजूद कटे तार में धारा प्रवाहित होती रही। चराई के दौरान मवेशी उसी धारा प्रवाहित तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस संबंध में विद्युत कनीय अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और नियमानुसार पीड़ित को विभागीय सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते बिजली विभाग द्वारा तार नहीं जोड़ा गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना घटने के बाद ही बिजली मिस्त्री मौके पर पहुंचे और तार को जोड़ा, लेकिन तब तक मवेशी की जान जा चुकी थी। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *