ब्यूरो रिपोर्ट
चांदन,बांका:
चांदन एमएमकेजी उच्च विद्यालय के खेल मैदान में रविवार को चांदन क्रिकेट लीग का शुभारंभ धूमधाम से किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन बेलहर विधानसभा के महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी रहे चाणक्य प्रकाश रंजन ने फीता काटकर और बल्लेबाजी करते हुए किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि चाणक्य प्रकाश रंजन ने कहा, शिक्षा के साथ-साथ खेल जीवन की आवश्यक कड़ी है। खेल से सामाजिक सद्भाव बढ़ता है और जात-पात की दीवारें टूटती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलभावना और ईमानदारी के साथ खेलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि चंद्रमोहन पांडेय, पूर्व मुखिया मौलाना अब्बास, हबीब अंसारी व पूर्व पंसस डॉ. नवाब अंसारी समेत कई अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
पहले मैच में बैष्णो ट्रेडर्स ने बिरनियाँ सुपर किंग्स को 20 रन से हराकर विजयी शुरुआत की।
टॉस जीतकर बिरनियाँ सुपर किंग्स ने क्षेत्ररक्षण चुना। पहले बल्लेबाजी करते हुए बैष्णो ट्रेडर्स की टीम ने 14 ओवर में 7 विकेट पर 191 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रंजन कुमार का रहा, जिन्होंने 39 गेंदों पर 92 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 9 चौके शामिल थे। ओम प्रकाश ने 19 गेंदों पर 42 रन जबकि अनीश आनंद ने 16 गेंदों पर 19 रन जोड़े।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बिरनियाँ सुपर किंग्स की टीम 171 रन ही बना सकी। उसकी ओर से राज कुमार ने 26 गेंदों पर 60 रन, संतोष सिंह ने 19 गेंदों पर 46 रन और प्रभाकर ने 23 गेंदों पर 32 रन बनाए।
92 रन की पारी के साथ-साथ गेंदबाजी में 3 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट लेने वाले रंजन कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अंपायरिंग की जिम्मेदारी बैजू और मिलन पांडेय ने निभाई। स्कोरिंग हिमांशु तथा ऑनलाइन स्कोरिंग रंजीत कुमार ने की। अंग्रेजी कमेंट्री अशोक कुमार यादव और हिंदी कमेंट्री वसीम शेख ने की।
इस अवसर पर पूर्व पंसस उदय वर्मा, विक्रम दुबे, ओम प्रकाश बरनवाल, बैजनाथ यादव, बिनोद यादव, यासीन अंसारी, सरफुद्दीन अंसारी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
