धोरैया/बांका:

धोरैया विधानसभा से नवनिर्वाचित विधायक मनीष कुमार ने गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र में भव्य आभार यात्रा निकालकर अपनी प्रचंड बहुमत वाली जीत के लिए जनता का धन्यवाद किया।

आभार यात्रा की शुरुआत उन्होंने बाबा धनकुंड नाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद की। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में उपस्थित होकर विधायक का स्वागत करने के लिए उत्सुक दिखे। मंदिर पहुंचने पर लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

इसके बाद उनका काफिला समर्थकों और जनता की भारी भीड़ के साथ विभिन्न मार्गों से होता हुआ मकैता, बबूरा, भतुआचक, सैनचक, जखबाबा स्थान, बटसार, गौरा, कुर्मा, सगुनिया और धोरैया मुख्य बाजार सहित कई गांवों में पहुंचा। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भेंट कर उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

विधायक मनीष कुमार ने कहा कि धोरैया विधानसभा के विकास के लिए उनका संकल्प अटूट है और वह क्षेत्र के समग्र विकास हेतु निरंतर प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक जीत के पीछे एनडीए के प्रत्येक कार्यकर्ता की कड़ी मेहनत, निष्ठा और तपस्या है।

मनीष कुमार ने भावुक होकर कहा, मैं धोरैया की संपूर्ण जनता और सभी कार्यकर्ता साथियों के प्रति दिल से कोटि-कोटि आभार प्रकट करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *