जब बिहार विकास की गाथा लिखेगा तभी देश होगा विकसित : राजनाथ सिंह - ANG EXPRESS NEWS

जब बिहार विकास की गाथा लिखेगा तभी देश होगा विकसित : राजनाथ सिंह.

रिपोर्टर- अजय झा

बांका विधान सभा।

बाराहाट, बांका। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को बाराहाट प्रखंड के भेड़ा मोड़ मैदान में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “बिहार जब विकास की गाथा लिखेगा, तभी भारत सही मायने में विकसित राष्ट्र बनेगा।”

उन्होंने कहा कि एनडीए समर्थित सरकार लंबे समय से बिहार में कार्यरत है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऊपर अब तक किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा, जो यह दर्शाता है कि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरी है।

बांका विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में जनसमर्थन जुटाते रक्षा मंत्री।

रक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार की जनता अब पूर्व की सरकारों की कार्यशैली और वर्तमान सरकार के कामकाज की तुलना करती है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने प्रदेश में बिजली, सड़क, सुरक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक सुधार किए हैं, जबकि पहले की सरकार को लोग ‘जंगल राज’ के नाम से याद करते हैं।

राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि दस वर्ष पहले भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर थी, लेकिन आज यह चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आने वाले वर्षों में भारत तीसरे स्थान पर पहुंचेगा।

सभा में राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब अपनी राजनीति चमकाने के लिए आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे को भी सेना से जोड़ने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि “हम आरक्षण के पक्षधर हैं, लेकिन देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।”

उन्होंने पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए कहा कि जब आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों पर हमला किया, तब केंद्र सरकार ने सेना को खुली छूट दी और ऑपरेशन सिंदूर चलाकर दुश्मनों को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि “भारत अब किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं करेगा और जब तक आतंकवाद जड़ से खत्म नहीं होता, कार्रवाई जारी रहेगी।” सभा स्थल पर रक्षा मंत्री का स्वागत अंगवस्त्र और बुके देकर किया गया।

सभा में बांका विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामनारायण मंडल के समर्थन में उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें रिकॉर्ड मतों से विजय बनाएं।

इस मौके पर हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, पूर्व जिलाध्यक्ष रामानंद चौधरी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष निखिल बहादुर सिंह, भाजपा नेता बृजेश मिश्रा, हीरालाल मंडल, अविनाश सिंह, महेश कुमार गुप्ता सहित कई अन्य एनडीए नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *