बांका से महागठबंधन प्रत्याशी संजय यादव पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज।
बाराहाट,बांका/अंग एक्सप्रेस। विधानसभा चुनाव के बीच बांका से महागठबंधन के प्रत्याशी संजय प्रसाद यादव पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी विकास कुमार ने बाराहाट थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते छठ महापर्व के दौरान संजय यादव अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क अभियान चला रहे थे। त्योहार के मौके पर इस तरह का राजनीतिक अभियान चलाना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना गया है। उक्त कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने इसकी जांच शुरू की।
जांच के क्रम में पाया गया कि उम्मीदवार संजय यादव अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे थे। वीडियो में समर्थकों को उनके पक्ष में वोट देने का आश्वासन देते भी देखा गया। इसे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन माना गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने सहायक निर्वाची पदाधिकारी को जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निर्देश के आलोक में गुरुवार को महागठबंधन प्रत्याशी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई।
सहायक निर्वाची पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश के बाद जांचोपरांत संजय यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।
इधर, पूरे प्रकरण को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कुछ लोग इसे विपक्ष की साजिश बता रहे हैं, जबकि प्रशासन का कहना है कि आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई हर हाल में की जाएगी।
