सदर प्रखंड के सैदापुर में शुरू हुआ मां जगधात्री पूजन समारोह, उमड़ा आस्था का सैलाब।
गोड्डा/झारखंड। सदर प्रखंड के सैदापुर गांव में बुधवार से चार दिवसीय मां जगधात्री पूजन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। परंपरा के अनुसार बुधवार की रात माता के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जबकि गुरुवार को विधिवत त्रिकाल पूजा का आयोजन होगा।

यह धार्मिक आयोजन सैदापुर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है और इसका इतिहास 125 वर्षों से अधिक पुराना है। वर्ष 1901 में स्वर्गीय कमलाकांत झा के जन्म उपलक्ष्य में उनके पिता हीरा झा द्वारा इस मंदिर की स्थापना की गई थी। तभी से यह पूजा परंपरा निरंतर चली आ रही है।
पूजन उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। भक्तगण माता के दरबार में छप्पन भोग का प्रसाद चढ़ाते हैं और संतान प्राप्ति की कामना करते हैं। मां जगधात्री की पूजा विशेष रूप से संतान प्राप्ति और पारिवारिक सुख-समृद्धि के लिए प्रसिद्ध मानी जाती है।
समारोह के अवसर पर दो दिनों तक भक्ति जागरण का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रीय एवं बाहरी कलाकार भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे।
अष्टमी से प्रारंभ हुआ यह चार दिवसीय पर्व एकादशी को माता के विसर्जन जुलूस के साथ सम्पन्न होगा। इस दौरान पूरा सैदापुर गांव भक्ति और उत्सव की रंगत में सराबोर रहेगा, जहां श्रद्धा, संगीत और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
