विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज, बीडीओ ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण।

बाराहाट,बांका। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बुधवार को बाराहाट प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) गोपाल कुमार गुप्ता ने पंजवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के क्रम में बीडीओ ने मध्य विद्यालय बालक सबलपुर, कन्या मध्य विद्यालय सबलपुर समेत कई स्कूलों में बनाए गए बूथों पर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस बार सभी मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जा सके और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत नियंत्रित किया जा सके।

वेबकास्टिंग व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए बीडीओ ने बिजली सॉकेट, लाइटिंग और नेटवर्क कनेक्टिविटी की भी जांच की। साथ ही उन्होंने एएमएफ (Assured Minimum Facilities) के तहत पेयजल, शौचालय, रैंप तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का मूल्यांकन किया।

बीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान दिवस से पूर्व सभी तैयारियों को पूर्ण रूप से सुनिश्चित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर सतर्कता और तत्परता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *