ब्यूरो रिपोर्ट,
अमरपुर,बांका:
अमरपुर-शाहकुंड मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना हीरो शोरूम के निकट हुई, जब तेज गति में आ रही दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और चालक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायलों में एक युवक की पहचान विवेक कुमार, ग्राम वामदेव, थाना रजौन निवासी के रूप में हुई है। वहीं दूसरे घायल की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों बाइकों की रफ्तार काफी अधिक थी और ओवरटेक करने की होड़ में हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को ऑटो की मदद से अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. अमित कुमार शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार, दोनों को सिर, छाती एवं हाथ-पैर में गहरी चोटें आई हैं। विवेक कुमार की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है।
इधर, अमरपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच प्रारंभ कर दी है। दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया गया है और अज्ञात घायल की पहचान के लिए पुलिस स्थानीय स्तर पर प्रयासरत है।
