ब्यूरो रिपोर्ट,
बाराहाट प्रखंड के पंजवारा पुरानी हटिया टोला में मंगलवार को उस वक्त शोक की लहर दौड़ गई जब गांव के 21 वर्षीय कुंदन कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर पहुंची। कुंदन, खोचन मंडल का सबसे छोटा बेटा था और अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में पिता का सहारा बना हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुंदन सुबह पंजवारा-धोरैया मुख्य मार्ग पर अहीरो गांव के पास सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे धोरैया से मायागंज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शाम को जब उसका शव मायागंज से गांव लाया गया, तो कोहराम मच गया। मां-बाप और भाई का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे, और हर आंख नम हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुंदन एक शांत, मिलनसार और मेहनती युवक था। उसकी असमय मौत ने न सिर्फ उसके परिवार को, बल्कि पूरे गांव को गहरे दुख में डुबो दिया है। ग्रामीणों का कहना है, “ऐसे बेटे बिरले होते हैं, जो अपने परिवार के लिए जीते हैं। उसकी कमी हमेशा खलेगी।”
