ब्यूरो रिपोर्ट,

अमरपुर, बांका:

अमरपुर प्रखंड के रेफरल अस्पताल में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब इलाज के लिए लाई गई आठ वर्षीय बच्ची को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृत बच्ची की पहचान भागलपुर जिला के शाहकुंड थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनदयालपुर निवासी अरुण मांझी की पुत्री पारो कुमारी के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार, पिछले दो दिनों से पारो को लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत थी। पहले उसका इलाज शाहकुंड स्थित एक निजी क्लिनिक में कराया जा रहा था। लेकिन रविवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में अमरपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे।

डॉ. पंकज कुमार ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में बच्ची की मां और अन्य परिजनों की करुण चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। वहां मौजूद लोग भी अपनी भावनाओं को रोक नहीं सके और उनकी आंखें नम हो गईं।

डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि बच्ची की मृत्यु डायरिया के कारण हुई है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लगाया जा सकेगा।

फिलहाल, परिजन शव को अस्पताल से लेकर अपने गांव वापस लौट गए हैं। घटना के बाद से इलाके में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *