ब्यूरो रिपोर्ट,
अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर पंचायत के कठैल नहर में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कठैल गांव निवासी रामजीवन सिंह के 40 वर्षीय दिव्यांग पुत्र टिंकू सिंह उर्फ लादेन के रूप में की गई है। शव मिलने की सूचना पर आसपास के गांवों कठैल, सिमरपुर, मादाचक, फतेहपुर, नकसोसा, इंग्लिश मोड़, शोभानपुर से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही अमरपुर थाने के दारोगा विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकलवाकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु बांका भेज दिया।

पंचायत मुखिया सुभाष दास ने बताया कि शनिवार सुबह ग्रामीणों द्वारा शव को नहर में तैरते देखा गया, जिसके बाद उन्होंने तत्काल थाने को सूचित किया। उन्होंने बताया कि शव पांच से छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और संभवतः कहीं दूर से बहकर नहर में आकर झाड़ियों में फंस गया था।

घटनास्थल पर मौजूद युवा समाजसेवी ठाकुर अंशुमान सिंह ने बताया कि टिंकू सिंह मृदुभाषी और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। वह इंग्लिश मोड़ चौक पर वाहनों की देखरेख करता था और वहीं से उसकी रोजी-रोटी चलती थी। मृतक पांच भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था। कुछ वर्ष पूर्व उसके एक भाई की मौत हो चुकी है और एक अन्य भाई वर्षों से लापता है। माता-पिता हाल ही में अपनी बेटी के ससुराल जमुई गए हुए थे, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक की मां दमयंती देवी समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और विलाप करने लगे। घटनास्थल पर शौभानपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने बताया कि शव को सबसे पहले कुछ ग्रामीणों ने देखा, जब वे नहर की ओर शौच के लिए गए थे। उन्होंने बताया कि युवक पिछले चार-पांच दिनों से लापता था और ग्रामीणों द्वारा हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।

पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दारोगा विनोद कुमार ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। वहीं, राजस्व कर्मचारी राहुल कुमार ने मौके पर पहुंचकर मृतक से संबंधित जानकारियाँ एकत्र कीं। इस घटना के बाद पूरे कठैल गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिजनों को आपदा राहत के तहत मुआवजा राशि अविलंब प्रदान की जाए।
