ब्यूरो रिपोर्ट,
विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रखंड एवं पुलिस प्रशासन ने चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, बाहरी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रमुख सड़कों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में शुक्रवार को फुल्लीडुमर के अंचलाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में स्थानीय थाना पुलिस ने खेसर-रामपुर पथ पर थाने के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान चार पहिया वाहन, मोटरसाइकिल आदि की डिक्की, वाहन के कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस की गहन जांच की गई।
जांच अभियान की वजह से इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों में अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। कई वाहन चालक रास्ता बदलते नजर आए। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और चुनाव के दौरान शांति एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
