विधानसभा चुनाव: बाराहाट क्षेत्र में चला विशेष अभियान, आचार संहिता उल्लंघन पर हुई सख्त कार्रवाई।

बाराहाट, बांका /अंग भारत। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। चुनाव आयोग द्वारा आचार संहिता लागू होते ही गुरुवार को बाराहाट प्रखंड प्रशासन की टीम ने अंचल अधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में पंजवारा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर राजनीतिक दलों द्वारा लगाए गए पोस्टर, बैनर, झंडे और वॉल पेंटिंग को हटाया गया। टीम ने कई दुकानों, चौराहों और सरकारी परिसरों से प्रचार सामग्री जब्त की। अंचल अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री सार्वजनिक स्थल पर नहीं लगाई जा सकती। यदि कोई व्यक्ति या राजनीतिक संगठन आचार संहिता का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को विशेष सुविधा नहीं दी जाएगी। सभी गतिविधियाँ आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही संचालित होंगी। अंचल अधिकारी विकास कुमार ने क्षेत्र के आम नागरिकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुचारू और शांतिपूर्ण बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी और सहयोग से ही स्वच्छ और निष्पक्ष चुनाव संभव है।

अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने स्थानीय पुलिस बल के साथ मिलकर कई जगहों पर निरीक्षण भी किया। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवांछित गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जा सके। सूत्रों के अनुसार, आचार संहिता लागू होने के बाद प्रखंड प्रशासन ने सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग, सरकारी वाहनों के इस्तेमाल और सरकारी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *