ब्यूरो रिपोर्ट,

शंभूगंज (बांका):
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर शंभूगंज प्रखंड में निर्वाचन कार्य ज़ोरों पर है। बुधवार को निर्वाचन कार्यालय परिसर में मतदान कर्मियों के बीच प्रथम नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर पिठासीन पदाधिकारी सहित पी1, पी2 और पी3 कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सहायक निर्वाचनी निबंधन पदाधिकारी नीतीश कुमार ने जानकारी दी कि अब तक लगभग 1339 मतदान कर्मियों को प्रथम नियुक्ति पत्र जारी किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सभी चयनित कर्मियों को जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण सत्र में अनिवार्य रूप से भाग लेना होगा।

चुनाव की निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रशासन द्वारा 14 विशेष कोषांगों का गठन किया गया है। इन कोषांगों में शामिल हैं:

कार्मिक प्रबंधन कोषांग,इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) कोषांग,वाहन प्रबंधन कोषांग,सामग्री वितरण कोषांग,विधि व्यवस्था एवं आदर्श आचार संहिता कोषांग,अर्धसैनिक बल कोषांग,प्रखंड नियंत्रण कोषांग,स्वीप कोषांग (मतदाता जागरूकता कार्यक्रम),नजारत कोषांग,न्यूनतम सुविधा सुनिश्चितता कोषांग,निर्वाचक सूची प्रबंधन कोषांग,प्रशिक्षण कोषांग,आईटी और समाधान (IT, Suvidha, Sugam, ENCORE) कोषांग,चिकित्सा व्यवस्था सह कोविड केयर कोषांग

प्रखंड प्रशासन द्वारा सभी कोषांगों में पदाधिकारियों और कर्मियों की नियुक्ति कर दी गई है, जिससे चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *