ब्यूरो रिपोर्ट,
अमरपुर,बांका:
बांका जिले के अमरपुर थाना अंतर्गत बिरमां अवैध बालू घाट पर बुधवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष छापामारी अभियान के दौरान अवैध रूप से बालू ढो रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिरमां घाट से रात्रि के समय अवैध बालू उठाव किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की योजना बनाई। पुलिस वाहन को देख ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बालू से लदे ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाना लाया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रैक्टर के मालिक एवं चालक के विरुद्ध खनन अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
स्थानीय प्रशासन ने अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाने की बात कही है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने की चेतावनी दी है।
