रजौन, बांका:
डी.एन. सिंह महाविद्यालय, भुसिया रजौन में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर की गई नियुक्तियों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को कॉलेज के तृतीय वर्ग कर्मचारी कन्हैया सिंह ने दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर सहित एक शिकायत पत्र प्रभारी प्राचार्य को सौंपा। शिकायत में बहाली प्रक्रिया की वैधता पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

आरोप है कि नियुक्तियां बिना किसी सार्वजनिक सूचना अथवा समाचार पत्रों में विज्ञापन दिए गुपचुप तरीके से कर दी गईं। इससे कॉलेज की स्थापना में योगदान देने वाले स्थानीय लोगों के परिजनों को अवसर से वंचित होना पड़ा। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, कॉलेज के सूचना पट्ट पर भी कोई सूचना नहीं दी गई, जिससे पारदर्शिता पर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

भुसिया, लिलातरी, कठचातर, बनगांव, बरौनी, कठौन और उपरामा सहित कई गांवों के लोगों ने इस प्रक्रिया को असंवैधानिक बताते हुए कड़ा विरोध जताया है। महाविद्यालय के भू दाताओं को भी इस बहाली की जानकारी नहीं दी गई, जिससे स्थानीय लोगों में रोष और असंतोष गहरा गया है।

ग्रामीणों ने इस बहाली को रद्द कर निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया से पुनः बहाली की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मांगों की अनदेखी हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य महेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *