स्वतंत्रता सेनानी परमेश्वर मंडल को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि.
बाराहाट ,बांका। पथरा पंचायत निवासी वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी परमेश्वर प्रसाद मंडल (104 वर्ष) का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को उनके पार्थिव शरीर पर प्रशासनिक अधिकारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

प्रशासन की ओर से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) गोपाल कुमार गुप्ता और बाराहाट थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर महेश कुमार ने उनके घर पहुंचकर नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने कहा कि परमेश्वर मंडल का योगदान देश के लिए अविस्मरणीय है। उनके त्याग और बलिदान की वजह से ही आज देश स्वतंत्रता का श्वास ले रहा है।
परमेश्वर मंडल अपने पीछे तीन पुत्रों समेत भरे-पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। उनके निधन से केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरा क्षेत्र शोकाकुल है। ग्रामीणों ने उन्हें एक सरल, ईमानदार और देशभक्त इंसान के रूप में याद किया। इधर, जिला कांग्रेस कमिटी बांका की ओर से भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कांग्रेसजनों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर और पार्टी का झंडा समर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमिटी ओबीसी अध्यक्ष सुरेश प्रसाद यादव, प्रखंड कार्यकारी अध्यक्ष सच्चिदानंद साह, पथरा पंचायत अध्यक्ष परमानंद मंडल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि परमेश्वर बाबू समर्पित देशभक्त और कांग्रेस कार्यकर्ता थे। उनके निधन से पार्टी और समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाई थी और आजादी के बाद भी समाज व राजनीति से जुड़े रहे।
उनकी सादगी और समाजसेवा की भावना हमेशा लोगों को प्रेरित करती रहेगी। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
