पौआखाली दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान।
संवादाता – हैदर अली
पौआखाली, किशनगंज/अंग एक्सप्रेस। पौआखाली क्षेत्र में दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर विद्युत आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए विशेष पहल की। इस दौरान पूजा पंडालों में केनोपी और सेल्फी प्वाइंट लगाए गए, ताकि लोग बिजली विभाग की योजनाओं के बारे में जान सकें और उनसे लाभ उठा सकें।

माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं को 125 यूनिट फ्री बिजली का लाभ देने की जानकारी भी साझा की गई। विद्युत आपूर्ति पौआखाली के अनुसार, कुल 8412 घरेलू उपभोक्ता और 11846 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को यह लाभ प्रदान किया गया। माइकिंग के माध्यम से इस योजना की व्यापक जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
साथ ही, पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को अपने घरों में सौर ऊर्जा स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्युत विभाग ने पूजा पंडालों में पोस्टर और पम्पलेट वितरित कर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रत्येक पंडाल में मानव बल और मिस्त्री की तैनाती की गई, ताकि बिजली उपकरण सुरक्षित रूप से संचालित हो सकें।
इस पहल में कनीय विद्युत अभियंता अभय कुमार रंजन भी सक्रिय रहे। उन्होंने गांव-गांव जाकर जागरूकता कैंपेन चलाया और ग्रामीणों को न सिर्फ बिजली योजनाओं का लाभ, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और सुरक्षित बिजली उपयोग के प्रति भी सचेत किया।
पौआखाली में दुर्गा पूजा के दौरान बिजली विभाग की यह पहल उपभोक्ताओं के लिए बेहद लाभकारी रही। विभाग ने यह सुनिश्चित किया कि पूजा उत्सव के दौरान बिजली आपूर्ति निरंतर रहे और सभी योजनाओं का लाभ आसानी से उपभोक्ताओं तक पहुंचे।
