शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर दुर्गा मंदिरों के पट खुले, भक्तों की उमड़ी भीड़।

पंजवारा,बांका/अंग एक्सप्रेस। शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर सोमवार दोपहर से ही पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो उठा। “या देवी सर्वभूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता” के मंत्रोच्चार, शंख ध्वनि और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। पट खुलते ही मंदिरों में दर्शन और पूजन को लेकर भारी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पंजवारा और सबलपुर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इसके बाद माता रानी के दर्शनों हेतु पट खोले गए। श्रद्धालुओं ने सप्तमी के अवसर पर मां के सातवें स्वरूप माँ कालरात्रि की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मंदिर परिसर को इस अवसर पर रंग-बिरंगी झालरों, आकर्षक लाइटों और फूलों से सजाया गया है। खासकर पंजवारा दुर्गा मंदिर का नजारा देखने लायक था, जहां संध्या कालीन महाआरती के दौरान भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। आरती के समय पूरा वातावरण माता के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
इधर महाअष्टमी तिथि को लेकर भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। परंपरा के अनुसार अष्टमी के दिन बड़ी संख्या में भक्त माता को डलिया चढ़ाने पहुंचते हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि मंगलवार को दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का रेला लगा रहेगा।
भीड़-भाड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूजा समिति एवं स्थानीय प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। मंदिरों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना करें और सहयोग बनाए रखें।
