ब्यूरो रिपोर्ट,
पटना,बिहार:
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों ने तेजी पकड़ ली है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा बिहार प्रभारी बनाए गए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके सरकारी आवास 1, अणे मार्ग पर भेंट की। यह मुलाकात भले ही शिष्टाचार भेंट बताई जा रही हो, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे राजग गठबंधन के सीट बंटवारे पर गंभीर बातचीत के तौर पर देखा जा रहा है।

इस अहम बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे, जो भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वहीं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले संजय कुमार झा की उपस्थिति भी चर्चा में रही।

सूत्रों की मानें, तो भाजपा, जदयू, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम), राष्ट्रीय लोक मोर्चा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बीच सीटों को लेकर अंतर्विरोध अब तक सुलझ नहीं पाए हैं। सभी दल अपनी-अपनी प्रभावशाली सीटों पर दावा कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक फॉर्मूला सामने नहीं आया है।

धर्मेंद्र प्रधान, जिन्हें हाल ही में भाजपा ने बिहार की जिम्मेदारी सौंपी है, शुक्रवार से ही पटना में सक्रिय हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक में भी भाग लिया। इसके अलावा शनिवार को उन्होंने पटना के दीघा विधानसभा क्षेत्र में घर-घर संपर्क अभियान चलाया।

दीघा क्षेत्र न केवल पटना बल्कि पूरे राज्य का सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र माना जाता है, और यहां का जनसंपर्क भाजपा के लिए अहम रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
