रहस्यमय ढंग से गायब हुई विवाहिता, परिजनों में मची खलबली

शंभूगंज, बांका (बिहार)

विशनपुर गांव की घटना, पति नासिक में करता है नौकरी

शंभूगंज थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव में शनिवार की रात एक विवाहिता महिला के रहस्यमय ढंग से लापता हो जाने से गांव में सनसनी फैल गई है। लापता महिला की पहचान आशा देवी, पति अंकज कुमार के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशा देवी अपने ससुराल विशनपुर में ही ससुर, सास और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रह रही थीं। उनके पति अंकज कुमार महाराष्ट्र के नासिक शहर में नौकरी करते हैं। शनिवार की रात्रि आशा देवी अचानक घर से लापता हो गईं, जिसकी जानकारी मिलते ही परिजनों ने उन्हें खोजने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

इस घटना के बाद महिला के ससुर मोती चौधरी ने शंभूगंज थाना पहुंचकर बहू के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई और उसे जल्द बरामद करने की मांग की। बताया जा रहा है कि आशा देवी की शादी छह वर्ष पूर्व रजौन थाना क्षेत्र के फुनसिसा गांव निवासी जितेंद्र चौधरी की पुत्री के रूप में हुई थी, लेकिन अब तक दंपती को कोई संतान नहीं हुई थी।

परिजन इस अचानक हुई घटना से चिंतित हैं और किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शंभूगंज थाना पुलिस पदाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि महिला को जल्द खोज निकाला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *