रहुई/नालंदा | अंग भारत। नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के इमामगंज गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक पुराना जर्जर मकान ढह गया। हादसे में दादी और पोते की मौत हो गई, जबकि एक अन्य पोता गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान 80 वर्षीय फुलिया देवी (पत्नी आनंदी महतो) और 14 वर्षीय आशीष कुमार (पुत्र धर्मवीर कुमार) के रूप में की गई है। वहीं, 12 वर्षीय निरंजन कुमार गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज विम्स पावापुरी में चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, यह मकान करीब 60 साल पुराना था और काफी समय से जर्जर स्थिति में था। रात को खाना खाने के बाद फुलिया देवी अपने दोनों पोतों के साथ एक कमरे में सो रही थीं। रात के करीब अचानक मकान की छत भरभरा कर गिर पड़ी, जिससे तीनों मलबे में दब गए।
घर के आंगन में सो रही शोभा देवी और उसका बेटा इस हादसे में बाल-बाल बच गए। हादसे की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को रहुई पीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल, बिहारशरीफ और फिर विम्स पावापुरी रेफर कर दिया। इलाज के दौरान आशीष कुमार को मृत घोषित कर दिया गया और सुबह फुलिया देवी ने भी दम तोड़ दिया।
निरंजन की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना पाकर रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि मकान की जर्जर स्थिति के कारण यह हादसा हुआ है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और सहायता देने की मांग की है।