पटना/बेगूसराय (अंग भारत संवाददाता): बिहार के बेगूसराय जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31 (NH-31) पर 54 होमगार्ड जवानों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में सभी जवान घायल हो गए हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस दुर्घटना में एक स्थानीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृत महिला की पहचान खगड़िया निवासी रोशनी देवी के रूप में की गई है। उनके पति रणवीर यादव ने बताया कि वे अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से बेगूसराय जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि वे और उनका बेटा घायल हो गए।
अचानक सामने आई बाइक, ड्राइवर ने खोया नियंत्रण
घटना को लेकर बस में सवार होमगार्ड प्रेमचंद कुमार ने बताया कि वे सभी बलिया ट्रेनिंग सेंटर से बेगूसराय कैंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक अचानक बस के सामने आ गई, जिससे ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस गड्ढे में जा गिरी।
हादसे में 20 से अधिक जवान घायल हुए, जिनमें चार की हालत चिंताजनक है। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।