कस्तूरबा गांधी जयंती पर विद्यालय में हुआ भव्य आयोजन, छात्राओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग।
प्रीतम कुमार की रिपोर्ट
बाराहाट: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बाराहाट में शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत बीडीओ गोपाल कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा समाज के कमजोर वर्ग की बच्चियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विद्यालय की स्थापना की गई है, जहां छात्राओं के लिए समुचित संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। रंगोली प्रतियोगिता में रीता और कल्पना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि दौड़ प्रतियोगिता में मनीषा और वर्षा ने बाज़ी मारी। जलेबी रेस में चांदनी अव्वल रही और डांस प्रतियोगिता में ‘राधा तेरी चुनरी’ गीत पर मौसम कुमारी ने दूसरा स्थान हासिल किया।
भाषण प्रतियोगिता में अंजलि और सपना ने प्रभावशाली वक्तव्य दिए, वहीं कविता पाठ में निशा कुमारी और निवांशी ने अपनी रचनाओं से सभी को प्रभावित किया। स्वागत गीत में गायत्री, रेशा, खुशी और ऋचा ने सामूहिक प्रस्तुति दी। चम्मच रेस में खुशी और राधा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में उल्लास और गर्व का वातावरण देखने को मिला।