देशभर में मुसलमान समुदाय ने शनिवार रात चांद के दीदार के साथ ही रमजान के पाक महीने की शुरुआत की घोषणा की। चांद दिखने के बाद से ही मस्जिदों और घरों में इबादत और रोजों की तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गई है। रमजान इस्लामिक कैलेंडर का सबसे महत्वपूर्ण महीना माना जाता है, जिसमें रोज़े रखकर और अल्लाह की इबादत करके ईमानदारी, सहनशीलता और संयम की शिक्षा दी जाती है। चांद दिखाई देने के साथ ही रविवार से पहला रोज़ा रखा जाएगा। मस्जिदों में विशेष नमाज ‘तरावीह’ अदा की जाएगी, जो रमजान के पूरे महीने में रात को होती है। इसके अलावा, पूरे महीने मुसलमान सुबह से लेकर शाम तक बिना कुछ खाए-पीए अल्लाह की इबादत करेंगे और आत्मसंयम का पालन करेंगे।
रमजान के इस पाक महीने में मुस्लिम समुदाय के लोग ज्यादा से ज्यादा इबादत करते हैं, गरीबों की मदद करते हैं और नेकियों के कामों में हिस्सा लेते हैं। यह महीना आत्मशुद्धि और ईश्वर के प्रति समर्पण का समय होता है, जिसे सभी मुसलमान पूरे जोश और श्रद्धा से मनाते हैं।